हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल में ओपीडी मरीजों को तीन दिन के भीतर निशुल्क दवाएं मिलने की उम्मीद

डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में आने वाले तीन दिन के भीतर ओपीडी मरीजों को निशुल्क दवाएं वितरण की उम्मीद है। दवा वितरण के लिए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग के पास दवा केंद्र बनकर तैयार हो गया है।

कॉलेज प्रशासन ने कुछ समय पूर्व निशुल्क दवा केंद्र खोलने का निर्णय लिया

राजकीय मेडिकल कॉलेज के अधीन सुशीला तिवारी अस्पताल में एक दिन में 1500 से 1800 मरीज इलाज के लिए आते हैं। 750 बेड की संख्या वाले इस अस्पताल में भर्ती मरीजों को जहां पहले से निशुल्क दवाएं मिलती हैं। वहीं, ओपीडी में आने वाले मरीजों को चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद बाहर मेडिकल स्टोरों से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। जिसमें मरीजों की जेब अच्छी खासी खाली होती है। मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने कुछ समय पूर्व निशुल्क दवा केंद्र खोलने का निर्णय लिया है।

तीन दिन में दवाइयों का वितरण होगा शुरू

राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरुण जोशी ने बताया कि करीब करीब सारी तैयांरियां हो चुकी है। सब कुछ प्लान के मुताबिक हो रहा है। तीन दिन के भीतर दवा वितरण शुरू हो जाएगा।