हल्द्वानी: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामला: सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले अलर्ट मोड पर नैनीताल पुलिस, बनभूलपुरा में निकाला फ्लैग मार्च और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हल्द्वानी: रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) में होने वाली अहम सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी नैनीताल, डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशों पर बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की।

पुलिस अलर्ट पर

जिस पर आज सोमवार को एसपी अपराध/यातायात डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी में पुलिस बल की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को सरकारी कार्यवाही के दौरान कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा व्यवस्था व बल की तैनाती

​क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से 2 सुपर ज़ोन और 4 ज़ोन में बांटा गया है। संवेदनशील स्थलों पर जमीन से लेकर आसमान तक निगरानी रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
• ​तैनात पुलिस बल: 2 एसपी, 5 सीओ, 15 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 55 उपनिरीक्षक (महिला उपनिरीक्षक सहित), 229 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तथा PAC की 2 कंपनियां तैनात की गई हैं।
• ​विशेष सुरक्षा दस्ते: 2 ड्रोन टीमें, 4 फायर यूनिट, 4 ट्रैफिक पुलिस टीमें, 1 बम निरोधक दस्ता (BDS), 2 टियर गैस टीमें, 2 एंटी-रायट टीमें और 2 फायरिंग स्क्वाड मैदान में उतारे गए हैं।
छतों की जांच और ड्रोन से निगरानी

​पुलिस की विशेष टीमें छतों, संकरी गलियों और संवेदनशील स्थलों की लगातार ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी कर रही हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी छत पर उपद्रव या हिंसा की नीयत से पत्थर, ईंट, रोड़ी, मलबा या हथियार पाए गए, तो संबंधित गृहस्वामी के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, पुलिस संदिग्ध तत्वों के खिलाफ प्रीवेंटिव डिटेंशन (निरोधात्मक कार्रवाई), निरंतर सत्यापन अभियान और सीसीटीवी मॉनिटरिंग कर रही है।

निकला फ्लैग मार्च

​कानून व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी का अहसास कराने के लिए रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी व छोटी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, शनि बाजार, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड और ताज चौराहे समेत पूरे बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस बल ने फ्लैग मार्च निकाला।

एसएसपी नैनीताल की नागरिकों से खास अपील

​एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या भ्रामक बयानबाजी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। माहौल खराब करने या अफवाह फैलाने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।