हल्द्वानी: नैनीताल जिले से संबंधित खबर सामने आई हैं। यहाँ हल्द्वानी के एक प्रतिष्ठित स्कूल की बस हादसे का शिकार हो गई।जिसमें बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि बस लालकुआं से बच्चों को हल्द्वानी ला रही थी,इस दौरान लालकुआं स्थित डिपो नंबर चार के पास हाईवे पर बस अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गड्ढे में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित निकाल कर घर भेजा। चालक के नशे की हालत में होने से हुआ हादसा।
हादसे के बाद सभी को सकुशल बाहर निकाला गया
आज सुबह 7 बजे स्कूल की एक बस लालकुआं से बच्चे लेकर हल्द्वानी की ओर को जा रही थी, जैसे ही बस डिपो संख्या चार के सामने पहुंची तभी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गई। बस में चार बच्चे, स्कूल स्टाफ सवार थे, जिनको हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। मौके पर पहुंचे भाजपा मंडल अध्यक्ष धन सिंह बिष्ट समेत पुलिस ने शीशे तोड़कर सभी को बाहर निकाला। जिसके बाद बच्चों को सुरक्षित घर ले जाया गया।
नशे की हालत में मिला चालक, पुलिस ने हिरासत में लिया
इस दौरान कई लोगों ने बस चालक पर नशे में होने के आरोप भी लगाए।पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। वरिष्ठ उप निरीक्षक हरेंद्र नेगी ने बताया कि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, साथ ही स्कूल संचालक को भी बुलाया गया है। इससे पहले, बीते दिनों हल्द्वानी में तिकोनिया चौराहे के पास भी बच्चों से भरी स्कूल बस बेकाबू होकर डिवाइडर के ऊपर चढ़ गई थी।