हल्द्वानी से जुड़ी खबर सामने आई है। हल्द्वानी में पनियाली गांव में बाघ को लेकर लोगों में दहशत का माहौल है। यहां बीते दिन एक महिला पर बाघ ने हमला कर दिया था।
बाघ की दहशत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते बुधवार सुबह जंगल में अकेले घास काटने के लिए गई कमला को बाघ ने मार दिया था। काफी तलाश के बाद शाम को उनका क्षत-विक्षत शव मिला। कमला फर्त्याल को मौत के घाट उतारने वाला बाघ गुरुवार सुबह उनके घर के पास दो बार दिखाई दिया। जिसके बाद से लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को डर है कि बाघ के मुंह में इंसानी खून लगने के चलते वह आबादी की ओर आ रहा है।
पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए
इस संबंध में फतेहपुर रेंज के रेंजर प्रदीप असगोला ने बताया कि बाघ को पकड़ने के लिए 60 वनकर्मियों की टीम लगी है। जंगल में पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगा दिए गए हैं। बाघ को ट्रैंकुलाइज करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्बेट टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डा. दुष्यंत शर्मा की भी टीम बाघ को पकड़ने के लिए जुटी हुई है।