हल्द्वानी: बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के घर में हुई चोरी, चोरों ने उड़ाई नकदी और लाखों के जेवरात

हल्द्वानी से जुड़ी खबर सामने आई है। आए दिन बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत बढ़ने लगी है। अब चोरों ने टीपीनगर चौकी क्षेत्र निवासी वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के घर को खंगाल दिया और लाखों का सामान लेकर फरार हो गये।

चोरों के हौसले बुलंद

मिली जानकारी के अनुसार टीपीनगर चौकी क्षेत्र में समाज कल्याण विभाग के दफ्तर के पास मधुबन कॉलोनी निवासी दीपक अग्रवाल सितारगंज स्थित कूर्मांचल बैंक के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक हैं। वह अपनी पत्नी गुंजन अग्रवाल के साथ घर पर ताला लगाकर शहर से बाहर गए हुए हैं। इसकी जानकारी साढ़ू प्रवीण मित्तल ने दी। उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब 02 बजे दीपक के घर की लाइट जली होने पर उनके पड़ोसी को शक हुआ। जब युवक ने शोर किया तो दो युवक फरार हो गए। इस बीच किसी पड़ोसी ने मामले की सूचना दीपक अग्रवाल को दी। इसके बाद मैं तुरंत उनके घर पहुंचा। पुलिस को भी सूचना दी गई।

लाखों के जेवर व नकदी लेकर चोर फरार

घर के अंदर अलमारी तोड़कर सामान फैलाया गया था। करीब 20 हजार की नकदी और 5-6 लाख के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी निकालकर ले गए हैं। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि मकान स्वामी अभी हल्द्वानी नहीं पहुंचे हैं। तहरीर मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।