हल्द्वानी से जुड़ी खबर है। यहां कुछ ग्रामीणों ने वन बीट अधिकारी और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मामले में काठगोदाम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि विभाग ने वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
जानें पूरा मामला
रामनगर वन प्रभाग के फतेहपुर रेंज हैड़ाखान बीट वन दरोगा राजेंद्र सिंह जंतवाल ने काठगोदाम थाने में तहरीर दी है। कहना है कि गुरुवार को जंगल की आग बुझाकर लौट रहे थे। इस दौरान मोनू आर्या निवासी कुमाऊं कॉलोनी दमुवाढुंगा को हैड़ाखान बीट के जंगल में आग लगाते पकड़ लिया। आरोपी को कार्रवाई के लिए वाहन में बिठाया जा रहा था। इसी बीच आरोपी नवीन चन्द्र, हेमा देवी और दो अन्य अज्ञात महिलाओं ने गाली गलौज करते हुए टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और आग लगाने के आरोपी को अभिरक्षा से छुड़ाकर भगा दिया। हमले में वन बीट अधिकारी राजीव जोशी के हाथ और आउटसोर्स कर्मी मोहित नेगी के सिर में गंभीर चोटें आ गईं।
घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया
सूचना पर मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को बेस अस्पताल पहुंचाया। जिसके बाद मामले की सूचना काठगोदाम पुलिस को दी गई। एसओ काठगोदाम प्रमोद पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
केएल आर्या, वन क्षेत्राधिकारी फतेहपुर रेंज ने कहा कि टीम फतेहपुर रेंज के जंगलों में लगी आग को बुझाकर लौट रही थी। इस दौरान एक युवक आग लगाता पकड़ा गया। कार्रवाई करने पर कुछ ग्रामीणों ने मारपीट की। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर विभागीय कार्रवाई की जा रही है।