अल्मोड़ा: भारत मौसम विज्ञान केंद्र (देहरादून) द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने कल 5 सितंबर 2026 को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 1 दिवसीय अवकाश की घोषणा की है।
आदेश जारी
मौसम विभाग ने कल 5 सितंबर को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ-साथ तीव्र से अति तीव्र बारिश की संभावना जताई है। अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन, फ्लैश फ्लड, बोल्डर गिरने, जलभराव और सड़कें बंद होने जैसी संभावित आपदाओं और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। जिस पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आदेश का पालन न करने या विचलन की स्थिति में संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा-30 (2) के तहत दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।