देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध को पूरी तरह समाप्त करने और रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने पर ऐतिहासिक समझौता हो गया है।
होंगे हस्ताक्षर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान और कतर की मुख्य मध्यस्थता के बाद 15 जून को दोनों देश इस पर सहमत हुए। अब आगामी शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में इस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस डील के तहत फिलहाल युद्ध रोकने और समुद्री मार्ग खोलने पर सहमति बनी है, जबकि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बाद में चर्चा होने की उम्मीद है।
डोनाल्ड ट्रंप ने कही यह बात
रिपोर्ट्स के मुताबिक समझौते की पुष्टि करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ईरान के साथ सफलतापूर्वक समझौता हो गया है। ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटाने का आदेश जारी करते हुए कहा कि मैं बिना किसी टोल के होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं। दुनिया के जहाजों, अपने इंजन चालू करो और तेल को बहने दो।
ईरान का रुख: हस्ताक्षर के बाद ही लागू होगी डील
रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने सरकारी टेलीविजन पर समझौते की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह डील कतर के प्रतिनिधि के साथ तेहरान में हुई 14 घंटे की लंबी बातचीत का नतीजा है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर होने से पहले तेहरान इसे लागू करना शुरू नहीं करेगा।
जानें क्यों शुरू हुआ था विवाद
उल्लेखनीय है कि अमेरिका और इजरायल गठबंधन ने बीती 28 फरवरी को ईरान पर हवाई हमले शुरू किए थे, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में युद्ध छिड़ गया था। इस दौरान वैश्विक तेल व्यापार के लिए जीवनरेखा माना जाने वाला होर्मुज जलडमरूमध्य भी बंद हो गया था। बाद में 8 अप्रैल को हुए अस्थायी सीजफायर के बाद से ही इस शांति समझौते की कोशिशें चल रही थीं, जो अब रंग लाई हैं।