जापान की धरती पर गूंजा भारत का डंका: ‘कुमामोतो मास्टर्स’ जीतने वाले पहले भारतीय शटलर बने अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन, वर्ल्ड टूर फाइनल्स की दावेदारी की मजबूत

​

अल्मोड़ा / कुमामोतो (जापान): अल्मोड़ा के अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम करते हुए ‘कुमामोतो जापान मास्टर्स 2026’ (सुपर 500/750) का खिताब जीत लिया है।

जीता खिताब

10 से 15 नवंबर तक जापान के कुमामोतो स्थित प्रीफेक्चरल जिम्नेजियम में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले वे पहले भारतीय शटलर बन गए हैं।‌ हाल ही में दूसरी बार ‘हाइलो ओपन’ जीतकर इतिहास रचने वाले लक्ष्य ने जापान में भी अपनी शानदार लय बरकरार रखी। पूरे टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन बेमिसाल रहा।
•  ​क्वार्टर फाइनल: मेजबान जापान के युशी तनाका को सीधे सेटों में 21-16, 21-15 से मात दी।
•  ​सेमीफाइनल: छठी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया के एल्वी फरहान को तीन सेटों के कड़े मुकाबले में 21-12, 12-21, 21-12 से पराजित किया।
•  ​फाइनल: खिताबी मुकाबले में पहला सेट गंवाने के बाद जबरदस्त वापसी करते हुए जापान के कोकी वातानबे को 13-21, 21-8, 21-14 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
​वर्ल्ड टूर फाइनल्स की दावेदारी हुई मजबूत

इस जीत से लक्ष्य को 9,200 महत्वपूर्ण रैंकिंग अंक मिले हैं, जिससे उनके कुल अंक बढ़कर 74,180 हो गए हैं। इससे साल के अंत में शीर्ष-8 खिलाड़ियों के बीच होने वाले प्रतिष्ठित ‘बीडब्ल्यूएफ (BWF) वर्ल्ड टूर फाइनल्स’ में उनकी जगह लगभग पक्की हो गई है। लक्ष्य के करियर का यह 15वां अंतरराष्ट्रीय एकल खिताब (जिसमें 8 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब शामिल हैं) है।

​अल्मोड़ा और उत्तराखंड में जश्न का माहौल

लक्ष्य की इस सफलता से उनके गृह जनपद अल्मोड़ा सहित पूरे उत्तराखंड और देश में खुशी की लहर है। उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ की अध्यक्षा डॉ. अलकनंदा अशोक, सचिव बी.एस. मनकोटी, कोषाध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, विधायक मनोज तिवारी, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा और रघुनाथ सिंह चौहान ने लक्ष्य, उनकी माता और पिता व कोच डी.के. सेन को बधाई दी है। इसके साथ ही जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष गोकुल सिंह मेहता, राकेश जायसवाल, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उप सचिव संजय नज्झोंन, मीडिया प्रभारी डी.के. जोशी, कोषाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, अमरनाथ सिंह रजवार, विजय प्रताप सिंह, शेखर लखचौरा, संजय अग्रवाल, हेम तिवाड़ी सहित संघ के सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की है।