मानव सुथार की घातक गेंदबाजी से भारत की शानदार जीत, श्रीलंका को 165 रन से हराया, सीरीज में 1-0 की बढ़त

​क्रिकेट जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम ने गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए टेस्ट मैच में श्रीलंका को 165 रन से हरा दिया है और दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवा स्पिनर मानव सुथार शानदार प्रदर्शन किया और 6 विकेटों के दम पर टीम इंडिया ने मैच के पांचवें दिन श्रीलंका की दूसरी पारी को 206 रनों पर समेट कर यह शानदार जीत दर्ज की।

भारत का शानदार प्रदर्शन

372 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 47 रन के स्कोर पर अपने शुरुआती 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान धनंजय डी सिल्वा (59) और पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा (84) ने 84 रनों की जुझारू साझेदारी कर हार को टालने की कोशिश की, लेकिन सुथार के सामने उनका यह प्रयास नाकाफी साबित हुआ। पूरी श्रीलंकाई टीम 77.4 ओवर में 206 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से दूसरी पारी में मानव सुथार ने 23.4 ओवर में 55 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट, जबकि मोहम्मद सिराज और रविंद्र जडेजा ने 1-1 विकेट हासिल किया। वहीं टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पडिक्कल (167), राहुल (82) और जुरेल (51) की बदौलत पहली पारी में 462 रन बनाए थे। जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर सिमट गई, जिससे भारत को 178 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में ऋषभ पंत के 66 रन के दम पर भारत ने 193 रन बनाए और मेजबान टीम के सामने 372 रन की चुनौती रखी।

इस दिन होगा अगला मुकाबला

वहीं सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा।