कबड्डी वर्ल्ड कप: भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, फाइनल में चीनी ताइपे को हराकर जीता वर्ल्ड विजेता का ताज

देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने ढाका में कबड्डी वर्ल्ड कप में इतिहास रच दिया है।

कबड्डी वर्ल्ड कप

भारत की टीम ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपे को रोमांचक मैच में 35-28 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। टीम में हिमाचल प्रदेश की कुल 5 बेटियां शामिल रहीं। कप्तान रितु नेगी ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार नेतृत्व किया। वहीं, पुष्पा राणा ने अपनी तेजतर्रार रेडिंग और शानदार डिफेंस से विरोधी टीमों को मुश्किल में डाला, जबकि साक्षी शर्मा ने भी उत्कृष्ट खेल से जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। फाइनल में खेले गए रोमांचक मुकाबले में ‘वीमेन इन ब्लू’ ने चीनी ताइपे को 35-28 के स्कोर से हराकर वर्ल्ड विजेता का ताज अपने नाम किया। इसके साथ ही खिलाड़ियों ने लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित किया है।

भारत की शानदार जीत

इस विश्व कप में कुल 11 देशों ने हिस्सा लिया था। भारत ने थाईलैंड (65-20), मेजबान बांग्लादेश (43-18), जर्मनी (63-22), और युगांडा (51-16) जैसी टीमों को बड़े अंतर से हराया। सेमीफ़ाइनल में भी भारत ने ईरान को 33-21 से मात देकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी। वहीं फाइनल में भारत ने प्रतिद्वंद्वी चीनी ताइपे की टीम को भी हरा दिया। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में उनकी सराहना की जा रही है।