कुमाऊं खबर: कल 14 अप्रैल को होगा बैसाखी और सौर नववर्ष का संगम, स्नान-दान व मेलो‌ का भी आयोजन

​अल्मोड़ा: कल‌ 14 अप्रैल 2026 है। प्रदेश में इस वर्ष कल 14 अप्रैल को बैसाखी और विषुवत संक्रांति का पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

मेले का आयोजन

यह दिन सौर नववर्ष के आरंभ और नई फसल के आगमन का प्रतीक है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन सूर्य देव मेष राशि में प्रवेश करते हैं, जिससे सौर कैलेंडर के नए वर्ष की शुरुआत होती है। जानकारी के अनुसार बैसाखी के अवसर पर कुमाऊं क्षेत्र में लोक संस्कृति की छटा देखने को मिलती है। इस दौरान प्रसिद्ध पारंपरिक मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें अल्मोड़ा के द्वाराहाट स्थित प्रसिद्ध विभाडेश्वर महादेव मंदिर में एतिहासिक स्याल्दे बिखौती मेला आयोजित होगा। इसके अलावा जागेश्वर धाम और रामेश्वरम मंदिर (गंगोलीहाट) में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे और पवित्र स्नान करेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन गंगा व अन्य पवित्र नदियों में स्नान और सामर्थ्य अनुसार दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।