अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेले के अंतर्गत आयोजित होने वाली सांस्कृतिक (नृत्य एवं गायन) प्रतियोगिताओं के लिए रविवार को नंदादेवी मंदिर परिसर में निःशुल्क पंजीकरण एवं ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे।
ऑडिशन का आयोजन
इस संबंध में मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट ‘चीमा’ ने बताया कि गायन और नृत्य दोनों ही प्रतियोगिताएं जूनियर तथा सीनियर वर्गों में आयोजित की जाएंगी। गायन प्रतियोगिता हिंदी और कुमाउनी दोनों भाषाओं में होगी। प्रतिभाग करने के इच्छुक कलाकार प्रातः 11 बजे से मंदिर परिसर पहुंचकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, जिनके आधार पर मुख्य प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों का चयन होगा।
निशुल्क होगा पंजीकरण
मेला समिति ने स्पष्ट किया है कि पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क है। समिति ने क्षेत्र के स्थानीय बच्चों, युवाओं और कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।