उत्तराखंड: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने शुक्रवार को हरिद्वार पंहुची। यहां उन्होंने जयराम आश्रम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की।
सम्मेलन का आयोजन
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनावों के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कुमारी शैलजा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद और मनमुटाव भुलाकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने जोर दिया कि जनता प्रदेश में कांग्रेस की सरकार की ओर देख रही है। प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड में ‘जंगलराज’ कायम हो गया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने और महिला सुरक्षा में विफल रहने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शपथ लेने को कहा कि वे एक-एक बूथ पर मेहनत करेंगे ताकि प्रदेश की “भ्रष्ट सरकार” को सत्ता से उखाड़ फेंका जा सके। वहीं कार्यकर्ताओं ने आगामी मिशन के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
रहें मौजूद
सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता एक मंच पर नजर आए, जिनमें मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत और प्रीतम सिंह, विधायक ममता राकेश, रवि बहादुर और अनुपमा रावत, पूर्व मेयर गौरव गोयल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी शामिल रहें।