ट्रकों में अवैध तरीके से की जा रही चीड़ की लकड़ी की तस्करी का मामला सामने आया है। वन विभाग ने दो ट्रकों से कुल 170 नग चीड़ के गोल गिल्टे बरामद किए। जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। गिल्टों के साथ ट्रक सीज करते हुए अज्ञातों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीम को देखकर दोनों चालक फरार
बुधवार की देर रात सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने मानिला-जैनल मोटरमार्ग में सकमड़ा बैंड से चेकिंग अभियान शुरू किया। सकमड़ा-कुणीधार मोटरमार्ग की ओर जाने पर टीम को एलपी ट्रक संख्या यूके 04 सीबी 1531 और उसके पीछे बगैर नंबर प्लेट का ट्रैक्टर पंजा आते दिखा। टीम ने ट्रक चालक को रुकने का इशारा किया। टीम को देखकर दोनों चालक वाहन छोड़कर भाग निकले। टीम ने ट्रक की तलाशी ली। ट्रक में अवैध तरीके से चीड़ की लकड़ी के गोल गिल्टे बरामद हुए। जांच के दौरान उसी दिशा से वाहन संख्या यूके 04 सीए 1969 आता दिखाई दिया।


62 नग गिल्टे बरामद
चालक ने साइड में ट्रक खड़ा किया। टीम के नजदीक आते ही वह चालक भी ट्रक को छोड़ फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भी गोल चीड़ के गिल्टे बरामद हुए। दोनों ट्रकों को कब्जे में लेकर वन विभाग की टीम मासी लाीसा डिपो ले आई। ट्रक संख्या यूके 04 सीबी 1531 से 108 नग और यूके 04 सीए 1969 से 62 नग गिल्टे बरामद हुए हैं। विभाग ने वाहनों को सीज कर वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीकृत कर दिया गया है।
ट्रकों को डिपो में लाकर सील कर दिया है
वहीं डीएफओ अल्मोड़ा महातिम यादव ने कहा कि
दो ट्रकों में चीड़ के गिल्टे बरामद हुए हैं। ट्रकों को डिपो में लाकर सील कर दिया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गए, अज्ञातों के विरुद्ध वन अधिनियम में अपराध पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।