अल्मोड़ा: इमरजेंसी ड्यूटी चार्ट में कार्मिकों के नंबर नहीं और सफाई व्यवस्था पर बिफरी डीजी

अल्मोड़ा: स्वास्थ्य महानिदेशक डा. शैलजा भट्ट ने जिला एवं महिला अस्पताल में निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाएं परखी। उन्होंने महिला अस्पताल में गर्भवतियों के लिए प्रतिदिन अल्ट्रासाउंड व्यवस्था संचालित करने और गर्भवतियों को लाने-ले जाने के लिए जिला अस्पताल से बाजार के ऊपर फ्लाइओवर बनवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था और अन्य अनियमित्ता पर कड़ी फटकार लगाई।

ड्यूटी चार्ट में तैनात कार्मिकों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई

डीजी जिला अस्पताल पहुंची। उन्होंने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड पहुंची। इमरजैंसी ड्यूटी चार्ट में तैनात कार्मिकों के मोबाइल नंबर अंकित नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने सभी कार्मिकों के मोबाइल नंबर अंकित करने के साथ ही इमरजैंसी वार्ड में लगे लैड लाइन फोन नंबर को चिकित्सालय के विभिन्न स्थानों पर चस्पा करने के निर्देश दिए। अस्पताल में चंदन हैल्थ केयर निशुल्क जांच का बोर्ड हटवाने के लिए कहा। उन्हाेंने कहा कि सरकार निशुल्क जांच की सेवाएं दे रही है लैब नहीं। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड के शौचालय में स्वच्छता व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई।

दिए ये निर्देश

ओपीडी में मरीजों के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने, आयुर्वेदिक विभाग में मरीजों को योग की जानकारी देने आदि के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने महिला अस्पताल में निरीक्षण किया। यहां मरीजों को मोटरमार्ग से आने-जाने में हो रही दिक्कतों को दूर करने के लिए जिला से महिला तक बाजार के ऊपर होते हुए फ्लाइओवर बनवाने पर जोर दिया।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर जिला अस्पताल की पीएमएस डा. कुसुमलता, महिला अस्पताल की सीएमएस डा. प्रीति पंत आदि मौजूद रहे।