तुर्किए और सीरिया में मरने वालों की संख्या हुई आठ हजार के पार, भारत ने 108 टन से ज्‍यादा की राहत सामग्री भेजी

तुर्किए और सीरिया में आये जबरदस्त भूकंप से अब तक आठ हज़ार से भी ज्यादा लोगों की मौत हो गई है।  और   बयालीस हजार से अधिक लोग घायल हैं। सोमवार को तुर्किए में आए  भूकम्‍प में हजारों भवन ढह गए हैं और बड़े स्‍तर पर देश में तथा सीरिया में भी विनाश हुआ है। तुर्किए के आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि कहारमनमाराश इलाके में 6 फरवरी को आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद अब तक भूकंप के कुल 435 झटके दर्ज किए जा चुके हैं । उन्होंने कहा कि भूकंप के बाद से राहत और बचाव कार्य के लिए अब तक कुल 60,217 कर्मचारी और 4,746 वाहन और निर्माण उपकरण तैनात किए जा चुके हैं ।

पीएम मोदी ने जरूरतमंदों की तत्‍काल मदद के निर्देश

तुर्किए आपदा प्रबंधन एजेन्‍सी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि 11 हजार 342 इमारतें गिरी हैं और 5 हजार 775 की पुष्टि की है। तुर्किए ने सात दिनों के राष्‍ट्रीय शोक की घोषणा की है। भारत ने पहले सहायता के रूप में आपदा प्रबंधन में लगी  एन डी आर एफ की टीमों को सहायता के लिए तुर्किए के अदाना शहर में अपनी सी-17 विमान द्वारा आधुनिक डाग स्‍कैवड तथा ड्रीलिंग मशीनें तथा आवश्‍यक सामान और उपकरण भी भेजा है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आवश्‍यक निर्देश जारी करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की तत्‍काल मदद की जाए।

भारत ने भूकम्‍प प्रभावित तुर्किये में चार सी-17 विमान से 108 टन से ज्‍यादा की राहत सामग्री और सहायताकर्मी मदद के लिए भेजे

भारत ने भूकम्‍प प्रभावित तुर्किये में चार सी-17 विमान से 108 टन से ज्‍यादा की राहत सामग्री और सहायताकर्मी मदद के लिए भेजे हैं। सूत्रों ने बताया कि इनमें सौ कर्मियों वाली एन डी आर एफ की तलाश और बचाव इकाइयां साजो-समान, वाहन और कुत्‍तों के दस्‍ते शामिल हैं। इन इकाइयों के पास तलाश, प्रभावित स्‍थानों तक पहुंचने और लोगों को दुघर्टनास्‍थल से निकालने के लिए विशेष साजो-समान उपलब्‍ध है। ये ध्‍वस्‍त हुई इमारतों का पता लगाने और बचाव अभियानों में सक्षम हैं। उपकरणों में हाथ और बिजली से चलने वाले यंत्र, रोशनी से संबंधित उपकरण, एयर-लिफटिंग बैग, चेनसॉ और एंगल कटर शामिल हैं। कुत्‍तों का दस्‍ता मलबे में दबे लोगों का पता लगाने में मदद करेगा। भारत उपकरणों और 99 कार्मिकों की मदद से फील्‍ड आपरेशन में तीस बिस्‍तर वाली चिकित्‍सा सुविधा की व्‍यवस्‍था करेगा।

 भारत ने सीरिया को भी सी-130जे विमान से तीन ट्रकों में छह टन राहत सामग्री भेजी

भेजे गये कार्मिक, चिकित्‍सा के विभिन्‍न क्षेत्रों के विशेषज्ञ हैं। मदद के रूप में भेजे गये चिकित्‍सकीय उपकरणों में एक्‍सरे मशीन, वेंटीलेटर, आपरेशन थियेटर, वाहन, एम्‍बूलेंस और जनरेटर शामिल हैं। भारत ने सीरिया को भी सी-130जे विमान से तीन ट्रकों में छह टन राहत सामग्री भेजी है। सूत्रों के अनुसार इनमें सुरक्षा गियर, आपात स्थिति में प्रयोग की जाने वाली दवाइयां, सीरिंज और अन्‍य उपकरण शामिल हैं।