सोशल मीडिया के जरिए वायरल होने के लिए लोग कुछ भी कर गुजरते हैं इसके लिए वह अपनी जान की परवाह भी नहीं करते । लेकिन स्टंट बाइकिंग करने वाले यूट्यूबर और सोशल मीडिया ब्लॉगर अब थोड़ा संभल जाओ क्योंकि अब इस तरह की वीडियो अपलोड करने पर लगेगा तीन लाख रुपये का जुर्माना । जी हां इस तरह की कोई वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की तो तीन लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ सकता है। देहरादून पुलिस लगातार इन लोगों पर नजर बनाए हुए है।
10 ऐसे ब्लॉगर को किया गया चिन्हित
यातायात पुलिस इन ब्लॉगर पर लगातार नजर बनाए हुए है। एक सप्ताह के भीतर 10 ऐसे ब्लॉगर चिन्हित किए जा चुके हैं। इनके खिलाफ मुचलके की कार्रवाई की जाएगी।एसपी यातायात अक्षय प्रह्लाद कोंडे ने बताया कि सोशल मीडिया पर ऐसे बहुत से ब्लॉगर हैं जो स्टंट बाइकिंग की वीडियो अपलोड करते हैं। इससे समाज में गलत संदेश जाता है। इसके लिए यातायात पुलिस ने अब नई योजना बनाई है। ब्लॉगरों को सीआरपीसी की धाराओं में मुचलका पाबंद किया जाएगा। छ: महीने तक उनके ऊपर यह शर्त लागू रहेगी। इस अवधि में अगर उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड की तो उनके खिलाफ सीआरपीसी की धारा 110 के तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
निगरानी करने के लिए छह लोगों की टीम बनाई गई
उन्होंने बताया कि इनकी निगरानी करने के लिए छह लोगों की टीम बनाई गई है। सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी करते हुए 10 ब्लॉगर को चिन्हित किया जा चुका है। इसके अलावा सड़कों पर चेकिंग के लिए सीपीयू और यातायात पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है ।