उत्तराखंड: उत्तराखण्ड सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य की ओर से मानसखण्ड’ झांकी को प्रथम स्थान के लिए पुरस्कार प्राप्त किया

गणतंत्र दिवस पर विभिन्न राज्यों की झांकियों में उत्तराखण्ड की ‘मानसखण्ड’ झांकी को प्रथम स्थान के लिए पुरस्कृत किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री  अजय भट्ट ने यह पुरस्कार प्रदान किया। उत्तराखण्ड सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने राज्य की ओर से पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक श्री के.एस.चौहान भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, सूचना विभाग के अधिकारी व कर्मचारियों और झांकी के कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि देश-विदेश के लोग मानसखण्ड के साथ ही उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति से भी परिचित होंगे।

सत्रह राज्‍य और केन्‍द्रशासित प्रदेशों की झांकियों में से ‘मानसखंड’ विषय पर आधारित उत्तराखंड की झांकी को मिला सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कल नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस 2023 से संबंधित पुरस्कार प्रदान किए। सत्रह राज्‍य और केन्‍द्रशासित प्रदेशों की झांकियों में से ‘मानसखंड’ विषय पर आधारित उत्तराखंड की झांकी को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार दिया गया। ‘साडे तीन शक्तिपीठ और नारी शक्ति’ को प्रदर्शित करने वाली महाराष्ट्र की झांकी को दूसरा और ‘अयोध्या दीपोत्सव’ विषय को दर्शाने वाली उत्तर प्रदेश की झांकी को तीसरा पुरस्कार मिला। जनजातीय मामलों के मंत्रालय की ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों’ पर आधारित झांकी को मंत्रालयों और विभागों की सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार दिया गया। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ‘जैव विविधता संरक्षण’ विषय वाली झांकी को वंदे भारतम नृत्य समूह के साथ विशेष पुरस्कार मिला।

लोकप्रिय पसंद श्रेणी के विजेताओं को भी पुरस्कार वितरित किए

केंद्रीय मंत्री भट्ट ने लोकप्रिय पसंद श्रेणी के विजेताओं को भी पुरस्कार वितरित किए, जिसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय त्योहारों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के आह्वान के बाद की गई है। MyGov वेब पेज पर इस महीने की 25 से 28 तारीख के बीच लोकप्रिय पसंद श्रेणी के लिए ऑनलाइन जनमत आयोजित किया गया था, जिसमें एक लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था। लोकप्रिय पसंद श्रेणी में गुजरात को सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार दिया गया। उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की झांकी को इस श्रेणी में दूसरा और तीसरा सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार मिला। लोकप्रिय पसंद श्रेणी में केंद्रीय मंत्रालयों या विभागों के बीच सर्वश्रेष्ठ झांकी का पुरस्कार सीएपीएफ (गृह मंत्रालय) को दिया गया।