नैनीताल पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: 60 लाख की स्मैक के साथ महिला तस्कर हुई गिरफ्तार

नैनीताल: मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत नैनीताल पुलिस ने नशे के सौदागरों पर कड़ा प्रहार किया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी (SOG) और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने एक महिला तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ पकड़ा है।

चेकिंग के दौरान मिली सफलता

​पुलिस के मुताबिक बुधवार, 25 मार्च को बेलबाबा के पास चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को एक महिला संदिग्ध नजर आई। तलाशी लेने पर उसके पास से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 60 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। महिला का नाम कनिका (40 वर्ष), पत्नी विजय, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, जिला ऊधम सिंह नगर है।

पुलिस टीम को मिला इनाम

​इस बड़ी कामयाबी पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है। टीम में चौकी प्रभारी मनोज कुमार, एसओजी के कुन्दन कठायत और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसएसपी का सख्त संदेश: “संपत्ति भी होगी जब्त”

​एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनपद में नशे का कारोबार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस न केवल तस्करों को जेल भेज रही है, बल्कि उनकी अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को जब्त करने की कार्यवाही भी तेज कर दी गई है।