आज 17 मार्च 2026 है। आज मासिक शिवरात्रि है। हर महीने शिवरात्रि आती है, जो कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाई जाती है। यह दिन देवों के देव महादेव भोलेनाथ को समर्पित होता है। इस दिन भगवान शिव और मां पार्वती की पूजा की जाती है और भक्त व्रत भी रखते हैं। हर महीने की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है।
जानें शुभ मुहूर्त
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि का आरंभ 17 मार्च, मंगलवार के दिन सुबह 9 बजकर 23 मिनट पर होगा। वहीं, अगले दिन यानी 18 मार्च, बुधवार के दिन सुबह 8 बजकर 26 मिनट तक चतुर्दशी तिथि व्याप्त रहेगी। ऐसे में मासिक शिवरात्रि का व्रत 17 मार्च को रखा जाएगा। वहीं, जो लोग चतुर्दशी का व्रत करते हैं उनके लिए 18 मार्च के दिन व्रत करना शास्त्र सम्मत होगा। भगवान शिव की विशेष पूजा के लिए इस दिन देर रात का समय अधिक शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शिव पूजा का खास मुहूर्त रात 12 बजकर 7 मिनट से 12 बजकर 55 मिनट तक रहेगा।
जानें पूजन विधि
आज मासिक शिवरात्रि के दिन सुबह स्नान करें। उसके बाद सफेद वस्त्र धारण करके शिवलिंग पर जल चढ़ाएं और ‘ऊं नम: शिवाय’ का जाप करें। शिव पुराण में, मासिक शिवरात्रि में चारों पहर में भगवान शिव की पूजा अर्चना करने का विधान है। सुबह गंगाजल से, दोपहर में दूध से, शाम को दही और रात में शहद और गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। इस दिन व्रत करने वालों को शिव पुराण या शिवाष्टक का पाठ अवश्य करे। पूजा का समापन शिव आरती के साथ करें।