नाबालिग बेटी ने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से कर डाली अपने पिता की हत्या, हरिद्वार से गिरफ्तार

प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता को मौत के घाट उतारने वाली नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी को पुलिस ने हरिद्वार से गिरफ्तार किया है।

जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के हाथरस में प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता को मौत के घाट उतारने वाली नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी को हरिद्वार में पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। हाथरस पुलिस टीम के पहुंचने के बाद दोनों का ट्रांजिट रिमांड लिया गया।पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश, हाथरस के नगला अलगर्जी गांव निवासी बेसिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक 47 वर्षीय दुर्गेश कांत ने अपनी बेटी को घर पर ही प्रेमी के साथ देख लिया था। पिता ने नाबालिग बेटी को डांट लगा दी। यह बात उसे बर्दाश्त नहीं हुई और इसके बाद उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता के सिर पर चाकू से वार किया और फिर चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए थे।शिक्षक दुर्गेश कांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके सिर पर और गले पर गंभीर चोटों के निशान आए हैं। बेटी और उसके प्रेमी ने हैवानों की तरह शिक्षक पर सरिये और धारदार हथियार से वार किए थे। पूरे शरीर में जख्मों के 9 निशान मिले हैं, इनमें चार सिर पर हैं। गला व  हाथों की नस भी काट दी गई थी।

दादाजी ने अपने नातिन और प्रेमी के खिलाफ दी तहरीर

मृतक शिक्षक के परिवार में एक बेटी व बेटे के अलावा पत्नी है। पत्नी स्वास्थ्य विभाग में एएनएम के पद पर तैनात है।बताया जा रहा है कि बेटी व उसके प्रेमी ने पिता दुर्गेश कांत को इतनी बेरहमी से मारा गया कि शव देखकर लोग सहम गए।हत्या की आरोपी बेटी शहर के एक नामचीन विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है और उसका प्रेमी भी इसी विद्यालय में उसके साथ ही पढ़ता है। मृतक के पिता ने अपनी नातिन व उसके प्रेमी के खिलाफ तहरीर दी। मृतक के पिता का आरोप है कि वह नाती के साथ कोरियर लेने के लिए बाजार गए थे। जब वह बाजार से वापस लौटे तो अंदर से घर के दरवाजे बंद थे।जब दरवाजा नहीं खोला तो वे दरवाजा तोड़ अंदर घुस गए। घर में हॉल में देखा कि उनकी नातिन के हाथ में सरिया तथा उसके प्रेमी के हाथ में चाकू था। यह देख शोर मचाया तो नातिन के प्रेमी ने नातिन के भाई का गला दबा दिया। इस पर बाबा ने नाती को बचाया। इसके बाद दोनों धक्का देते हुए फरार हो गए। वहीं मृतक शिक्षक की पत्नी उस समय टीकाकरण के कार्य के लिए गई हुई थी ।

सीआईयू और पुलिस की टीम ले रही थी तलाशी

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में सूचनाओं का आदान प्रदान हुआ। इसके बाद सीआईयू और पुलिस की टीम तलाश में लगाई गई थी। बुधवार को हरिद्वार पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। हाथरस से पुलिस टीम पहुंची जिसके  बाद दोनों का ट्रांजिट रिमांड लिया गया।