नैनीताल: उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UKSLSA), नैनीताल के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी द्वारा बताया कि प्राधिकरण के माननीय कार्यपालक अध्यक्ष/मा० उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी के निर्देशानुपालन में उत्तराखण्ड की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामुदायिक एकता के प्रतीक मां नंदा देवी महोत्सव 2026 के अवसर पर दिनांक 16 से 23 सितंबर, 2026 तक नैनीताल में जनहित में उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक समर्पित स्टॉल के माध्यम से कानूनी जागरूकता, मुफ्त चिकित्सा, कौशल विकास और कल्याणकारी शिविरों की एक श्रृंखला आयोजित की गई।
शिविर का आयोजन
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों के निवासियों को उनके संवैधानिक व कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। वहीं महोत्सव के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और पीएलवी (PLV) टीमों ने लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह दी। इस दौरान लगभग 3200 कानूनी पुस्तकें वितरित की गईं और हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा 1800-180-4000 की जानकारी दी गई। इसके अलावा, जिला उद्योग केंद्र, नैनीताल के सहयोग से 17 से 18 सितंबर तक आयोजित दो दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण शिविर में 56 व्यक्तियों को बुनियादी तकनीकी हुनर का प्रशिक्षण दिया गया। दिनांक 22.09.2026 को उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा आयोजित कराई गई निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के विजेताओं तथा मुख्यालय नैनीताल में अपने-अपने विद्यालयों में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडियेट परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किये जाने एवं जरूरतमंदों और दिव्यांगों को विभिन्न उपकरण प्रदान करने हेतु स्टाल के सामने बहुउदेश्यीय शिविर का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल, समाज कल्याण विभाग एवं हाईकोर्ट शाखा, भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से किया गया।
निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर
स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से विभिन्न चिकित्सा संस्थानों की सहायता से जांच शिविर लगाए गए। जिसमें
• दृष्टि सेंटर, हल्द्वानी: 18 सितंबर को 188 लोगों की आंखों की जांच की गई।
• शुभानु नेत्र अस्पताल, हल्द्वानी: 19 और 20 सितंबर को 225 लोगों की नेत्र जांच व स्क्रीनिंग हुई।
• चंदन अस्पताल, हल्द्वानी: 19 सितंबर को 100 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई।
• द मेडिसिटी, रुद्रपुर: 20 से 22 सितंबर तक 215 लोगों को बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
प्रतिभाशाली छात्रों और दिव्यांगों का सम्मान
उक्त शिविर में मा० उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड, नैनीताल के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी, मा० उच्च न्यायालय उत्तराखण्ड, नैनीताल के न्यायाधीशगण न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल, न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित, न्यायमूर्ति आलोक माहरा, न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय एवं न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह द्वारा निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं विज्ञान प्रोजेक्ट प्रतियोगिता के विजेताओं तथा नैनीताल में अपने-अपने विद्यालयों में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडियेट परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र एवं ट्राफी देकर पुरस्कृत किया गया।
वितरित की सामग्रियां
वहीं 13 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर, 117 को सीपी चेयर, 57 को वैशाखी (KLOF22), 11 को वॉकर तथा 15 को डिजिटल हियरिंग ऐड व 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। 75 व्यक्तियों को डिजिटल हियरिंग ऐड और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
रहें उपस्थित
इस इस कार्यक्रम में माननीय उच्च न्यायालय के महानिबंधक योगेश कुमार गुप्ता व अन्य निबंधकगण भी उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का संचालन सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी द्वारा द्वारा किया गया। माँ नंदादेवी महोत्सव, 2026 के दौरान उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के उक्त कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक कियान्वयन में प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी हर्ष यादव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल की सचिव पारूल थपलियाल के अतिरिक्त उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के स्टाफ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के स्टाफ का भी योगदान रहा।