नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जिले में आज 05 सितंबर शुक्रवार को अल्मोड़ा में मां नंदा-सुनंदा के डोले की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस मौके पर मां नंदा-सुनंदा को विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में जनसैलाब उमड़ा।
मां नंदा सुनंदा को दी भावभीनी विदाई
जानकारी के अनुसार आज मां नंदा-सुनंदा के डोले की शोभायात्रा निकाली गई। सप्ताहभर के प्रवास के बाद मां को विदा करने के लिए श्रद्धालु भावुक हो गये और डोले पर पुष्प वर्षा और अक्षत अर्पित कर मां नंदा-सुनंदा को भावभीनी विदाई दी। शोभा यात्रा में शामिल लोग मां नंदा-सुनंदा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। मां नंदा-सुनंदा को विदाई देने के लिए पूरा शहर उमड़ा। मॉल रोड, लेक ब्रिज और तल्लीताल चुंगी सहित कई स्थानों पर माता के डोले पर पुष्पवृष्टि की गई। श्रद्धालुओं को पेयजल, फल और प्रसाद भी वितरित किया गया। शोभायात्रा का ड्रोन से सीधा प्रसारण किया गया, जिससे देश-विदेश में श्रद्धालु जुड़ सके। महिलाएं और नवयुवतियां पारंपरिक झोड़ा नृत्य करती नजर आईं। कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ अनिल कपूर व सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी डोले को कंधा देकर आस्था व्यक्त की।
यह रहें आकर्षण का केंद्र
पर्यटन विभाग की पहल पर पहली बार शोभायात्रा में सोर घाटी का लखिया भूत आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा अखाड़े, छोलिया दल, बैंड और सांस्कृतिक दलों ने भी प्रस्तुति दी। नगर पालिका कार्यालय से पंत पार्क तक लगे फड़ और तिरपालों की वजह से इस बार शोभायात्रा का मार्ग बदला गया और यात्रा सीधे मॉल रोड से निकाली गई।