नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। जनपद नैनीताल की विज्ञान शिक्षिका डॉ० श्वेता मजगांई एवं रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ० प्रीति मजगांई को शिक्षा श्री-2026 सम्मान से सम्मानित किया गया है।
कार्यक्रम का आयोजन
रुड़की (उत्तराखंड) शैक्षिक नवाचार, मूल्य आधारित शिक्षा और शिक्षक सशक्तिकरण के उद्देश्य को केंद्र में रखकर पंचम अखिल भारतीय शैक्षिक विमर्श एवं शिक्षक सम्मान समारोह 2026 का आयोजन उद्घोष शिक्षा का नया सवेरा यादवेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट रुड़की के तत्वाधान में शैफिल्ड इंटरनेशनल स्कूल रुड़की में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार दद्दन मिश्रा रहे। कार्यक्रम का मुख्य विषय कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं इसके प्रभाव रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में कुलपति विवेक यूनिवर्सिटी प्रो० डॉ० एन० के० गुप्ता, कुलपति मंजीरा देवी विश्वविद्यालय उत्तरकाशी प्रो० डॉ० एच० एस० नौटियाल जी एवं कुलपति मैट्रिक्स यूनिवर्सिटी सिक्किम प्रो० डॉ० अनूप प्रधान रहे। इस कार्यक्रम में देशभर से आए 171 शिक्षकों को विविध श्रेणी में सम्मानित किया गया।
किया सम्मानित
इस कार्यक्रम में राजकीय जूनियर हाई स्कूल विजयपुर ब्लॉक कोटाबाग जनपद नैनीताल की विज्ञान शिक्षिका डॉ० श्वेता मजगांई को उनके शैक्षिक नवाचारों एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सतत एवं उत्कृष्ट प्रयासों हेतु शिक्षा श्री 2026 सम्मान से सम्मानित किया गया। इससे पूर्व भी डॉ० श्वेता मजगांई को उत्तराखंड शासन द्वारा उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2024 से सम्मानित किया जा चुका है। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज नारायण नगर हल्द्वानी की रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ० प्रीति मजगांई को विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु शिक्षा श्री 2026 सम्मान से सम्मानित किया गया । इससे पूर्व डॉ० प्रीति मजगांई को राष्ट्रीय अमृत गंगा सम्मान और टीचर आईकन सम्मान से सम्मानित किया गया है।
आईएसबीएन अनुमोदित पुस्तक शिक्षामेंवजयते का विधिवत अनुमोदन
कार्यक्रम में आईएसबीएन अनुमोदित पुस्तक शिक्षामेंवजयते का विधिवत अनुमोदन किया गया जिसमें तख्ती से टैबलेट तक शिक्षकों की शैक्षिक यात्राओं का उल्लेख किया गया है । इस पुस्तक में डॉक्टर श्वेता मजगांई एवं डॉक्टर प्रीति मजगांई की तरह शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे देशभर की कर्मठ एवं उत्कृष्ट शिक्षकों की शैक्षिक यात्रा का उल्लेख किया गया है। कार्यक्रम के संयोजक संजय वत्स एवं सहसंयोजक के० के० शर्मा रहे।