नैनीताल: गेठिया के पास गहरी खाई में गिरी कार, उन्नाव के दो युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

​नैनीताल से जुड़ी खबर सामने आई है। नैनीताल जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तल्लीताल थाना क्षेत्र के गेठिया के समीप एक वेन्यू कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जागेश्वर धाम जा रहे थे दोस्त

​मिली जानकारी के अनुसार, कार (UP 78 HJ 4936) में सवार होकर चार दोस्त उन्नाव से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार को डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गेठिया के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू कर घायलों को निकाला बाहर

​खाई गहरी होने के कारण बचाव कार्य में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही जान जा चुकी थी, जबकि दो घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। नैनीताल पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर बी.डी. पांडे जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। हादसे की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

घायलों का विवरण

घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी उपचार हेतु भिजवाया गया।
▫️अतुल दुबे पुत्र सुनील कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी: पीतांबर नगर, भाग-2, उन्नाव।
▫️श्याम पुत्र राम सुमेर (उम्र 30 वर्ष), निवासी: पीतांबर नगर, भाग-2, उन्नाव।

मृतकों का विवरण

▫️अभिराज पुत्र अशोक कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी: पीतांबर नगर, भाग-2, उन्नाव।
▫️अंकित चौधरी पुत्र धर्मेंद्र कुमार (उम्र 25 वर्ष), निवासी: 111, पीतांबर नगर-2, उन्नाव।