नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। जिले में कई स्थानों पर भारी बारिश के चलते मलबा आ जाने से यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा। भीमताल-रानीबाग मोटर मार्ग के सलड़ी और क्वाराली के पास मलबा आने से तीन घंटे से अधिक समय तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
मार्ग खोलने के लिए लगाई गई हैं दो जेसीबी
बारिश के कारण नैनीताल-हल्द्वानी और नैनीताल-भवाली रोड भी मलबा आने से बंद हो गई। नैनीताल-हल्द्वानी रोड को यातायात के लिए खोल दिया गया है जबकि भीमताल-रानीबाग और नैनीताल-भवाली मार्ग को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। भीमताल-रानीबाग मोटर मार्ग बंद होने से पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रानीखेत, धारचूला और भवाली को जाने वाले वाहन चालक काठगोदाम मार्ग से ज्योलीकोट होते हुए भवाली पहुंचे। लोकनिर्माण विभाग के जेई केके पाठक ने बताया कि मार्ग को खोलने के लिए दो जेसीबी लगाई गई हैं।
चोरगलिया में भी उफान पर रहा शेरनाला ,दो घंटे बंद रहा मुख्य मार्ग
चोरगलिया में भारी बारिश के कारण बुधवार दोपहर तीन बजे शेरनाले का जलस्तर बढ़ गया। चोरगलिया पुलिस ने हल्द्वानी-चोरगलिया मुख्य मार्ग में बैरिकेडिंग लगाकर आवाजाही को रोका। किसी भी वाहन को नाले की तरफ नहीं जाने दिया।नाले का जलस्तर कम होने के बाद ही वाहनों को नाले को पार करने दिया।