नैनीताल: गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट: यूपी की पीसीएस डॉ. सृष्टि धवन बनीं चैंपियन, 7 साल की बेटी इलाक्षी बनी सबसे युवा गोल्फर, रचा इतिहास

नैनीताल: नैनीताल के राजभवन गोल्फ क्लब में 22 से 24 मई तक आयोजित ’21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट’ के महिला वर्ग में डॉ. सृष्टि धवन ने शानदार खेल दिखाते हुए विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उत्तर प्रदेश सरकार में अपर निदेशक संस्कृति के पद पर तैनात पीसीएस अधिकारी डॉ. सृष्टि धवन ने खेल के मैदान पर एक बार फिर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में आरोही अत्री दूसरे स्थान पर रहीं। ​यह डॉ. सृष्टि धवन की इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में तीसरी बड़ी जीत है, इससे पहले वह साल 2023 और 2025 में भी यह खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। इस टूर्नामेंट में डॉ. सृष्टि धवन की महज 7 वर्षीय पुत्री इलाक्षी राठौर ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। वह इस पूरे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली देश की सबसे कम उम्र की गोल्फर बनीं। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने विजेता मां-बेटी की इस जोड़ी को विशेष रूप से सम्मानित और पुरस्कृत किया।


तीन दिवसीय टूर्नामेंट

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने 22 मई को शॉट लगाकर (टी-ऑफ) इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट का शुभारंभ किया था। इस वर्ष का यह आयोजन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी की स्मृति को समर्पित किया गया। इसमें उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तर प्रदेश से कुल 179 गोल्फर्स शामिल हुए। इसमें 110 सामान्य खिलाड़ी, 29 वेटरन, 4 सुपर वेटरन, 27 जूनियर खिलाड़ी (6 बालिकाएं शामिल) और 9 महिला खिलाड़ी शामिल हुए।