नैनीताल: खाकी का सम्मान: इंस्पेक्टर से डिप्टी एसपी बने उमेश मलिक और वेद प्रकाश, एसएसपी ने लगाए बैच

नैनीताल: उत्तराखंड पुलिस में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे दो अनुभवी अधिकारियों के कंधों पर अब नई जिम्मेदारी के सितारे चमकेंगे। जनपद नैनीताल में तैनात उमेश कुमार मलिक और वेद प्रकाश भट्ट को निरीक्षक नागरिक पुलिस से पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (Dy. SP) बनाया गया है।

किया अलंकृत

आज शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित एक गरिमामयी ‘पीपिंग सेरेमनी’ के दौरान नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों को पदोन्नति के बैच लगाकर उन्हें अलंकृत किया। एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर ‘UPS’ बैच सजाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसएसपी ने कहा कि यह पदोन्नति उनके वर्षों के कठिन परिश्रम, अटूट समर्पण और बेहतरीन कार्यकुशलता का प्रतिफल है। इस अवसर पर अधिकारियों को मोमेंटो भेंट किए गए और मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया।

2002 से शुरू हुआ था खाकी का सफर

​पदोन्नत हुए दोनों अधिकारियों का पुलिस विभाग में लंबा और शानदार रिकॉर्ड रहा है। जिसमें उमेश कुमार मलिक वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक (SI) के रूप में भर्ती हुए मलिक ने देहरादून, STF, पुलिस मुख्यालय और CID हल्द्वानी सहित कई जनपदों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 2016 में वह निरीक्षक बने थे। वहीं वेद प्रकाश भट्ट वर्ष 2002 में उपनिरीक्षक के पद पर भर्ती होने के बाद उन्होंने PAC की 31 व 40 वाहिनी, SDRF और नैनीताल जनपद में उत्कृष्ट सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में वह दलनायक के पद पर पदोन्नत हुए थे।

रहे मौजूद

​इस अवसर पर एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, सीओ रामनगर सुमित पांडे सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।