नैनीताल: “ऑपरेशन कालनेमि”, ढोंगी, वेशधारी, बाबाओं के विरुद्ध होगी सख्त कार्यवाही, चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान

नैनीताल जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में “ऑपरेशन कालनेमि”‌ अभियान का शुभारंभ किया है।

धर्म की आड़ में बर्दाश्त नहीं की जाएगी ठगी

जिसका उद्देश्य समाज में ढोंग, अंधविश्वास और धार्मिक आस्था के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी बाबाओं की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही करना है। इसी क्रम में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए ढोंगी बाबाओं की पहचान कर विधिक कार्यवाही करें। पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थलों, मंदिर परिसरों, डेरे, आश्रमों, और अन्य धार्मिक गतिविधियों पर नजर रखते हुए कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार निगरानी की जा रही है।

चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान

●  “ऑपरेशन कालनेमि” के अंतर्गत जनपद में सघन चैकिंग/वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
●  पुलिस टीमों द्वारा चप्पा-चप्पा सर्च अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों की सत्यापन प्रक्रिया एवं दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है।
●  धार्मिक आस्था के नाम पर लोगों को भ्रमित कर आर्थिक या मानसिक रूप से शोषण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।