नैनीताल: ऑपरेशन प्रहार: एसएसपी का नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्करों को किया गिरफ्तार

नैनीताल: एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

स्मैक बरामद

संयुक्त टीम ने हल्द्वानी और वनभूलपुरा क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया है और लाखों की स्मैक बरामद की है।‌ एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान विजय सिंह नेगी (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। 221 ग्राम अवैध स्मैक (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹66.30 लाख), ₹14,520 नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन है। अभियुक्त के खिलाफ पहले भी मुखानी और हल्द्वानी थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम की इस सफलता पर एसएसपी ने ₹1500 के इनाम की घोषणा की है।

पुलिस की कार्यवाही

​चौकी राजपुरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान गोला गेट के पास से गुलशन (28 वर्ष) नाम के युवक को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.18 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

स्मैक के साथ गिरफ्तार

वहीं एक अन्य कार्रवाई में बनभूलपुरा पुलिस टीम ने चोरगलिया रोड से मेराज अली (45 वर्ष) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 11.72 ग्राम स्मैक बरामद हुई है
मेराज अली का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिस पर साल 2019 से 2025 के बीच एनडीपीएस और चोरी के कुल 5 मामले पहले से दर्ज हैं।

एसएसपी का सख्त संदेश

​एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।

रहें शामिल

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, एसओजी प्रभारी राजेश जोशी, उ०नि० कृपाल सिंह, मनोज यादव, कृष्ण गिरी और एसओजी के कई जांबाज जवान शामिल रहे।