नैनीताल: मोहर्रम और वीवीआईपी दौरों को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नज़र

नैनीताल: नैनीताल जिले में आगामी मोहर्रम पर्व और जिले में प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण वीवीआईपी कार्यक्रमों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

दिए जरूरी निर्देश

जिस पर 25 जून को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हल्द्वानी में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई, जिसमें सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश दिए गए।‌ बताया कि जिले में अगले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं। एक तरफ आज 26 जून को मोहर्रम का पर्व है, तो वहीं 26 से 29 जून तक उत्तराखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश की सुपुत्री के विवाह समारोह का आयोजन होना है। इस कार्यक्रम में सर्वोच्च न्यायालय और विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित कई अति विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।

एसएसपी के प्रमुख दिशा-निर्देश

• ​मोहर्रम सुरक्षा: मोहर्रम के जुलूसों के मार्गों पर पुलिस का सख्त पहरा रहेगा। आयोजकों के साथ समन्वय बनाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है। रात के समय गश्त बढ़ाने के विशेष निर्देश दिए गए हैं, जिसमें रात्रि 11 बजे से सुबह 7 बजे तक अधिकारी लगातार क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।
• ​वीवीआईपी सुरक्षा: अतिथियों के रूट और ठहरने के स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। होटलों और गेस्ट हाउसों का गहन सत्यापन किया जाएगा।
• ​ड्रोन से निगरानी: संवेदनशील क्षेत्रों और जुलूस मार्गों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही, सिटी कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
• ​सोशल मीडिया पर शिकंजा: भ्रामक, भड़काऊ या साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों पर ‘क्लीन स्वीप’ अभियान के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
• ​सजग रहे पुलिस बल: डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ते (BDS) और फायर सर्विस को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी सूचना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।