नैनीताल: अपने खोए हुए कीमती मोबाइल फोन वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 200 लोगों के लिए नैनीताल पुलिस देवदूत बनकर सामने आई है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बुधवार को बरामद किए गए 37.48 लाख रुपये से अधिक कीमत के 200 मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
अलग-अलग राज्यों से रिकवरी
अपना फोन वापस पाकर कई फरियादी खुशी से झूम उठे। जनवरी से मार्च 2026 के बीच जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से मोबाइल गुम होने की शिकायतें पुलिस ऐप और CEIR पोर्टल पर दर्ज की गई थीं। SSP के निर्देश पर साइबर सेल (मोबाइल ऐप सेल) ने इन शिकायतों पर तेजी से काम किया। पुलिस टीम ने कड़ी मेहनत और तकनीक का सहारा लेते हुए इन मोबाइलों को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों से खोज निकाला। पुलिस द्वारा बरामद किए गए 200 मोबाइलों में महंगे आईफोन से लेकर नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं।
• आईफोन: 07
• वीवो: 45
• ओप्पो: 36
• सैमसंग: 31
• रेडमी: 22
• वन प्लस: 13 इसके अलावा मोटो, रीयलमी, इनफिनिक्स और पोको जैसे अन्य ब्रांड के फोन भी शामिल हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत 37,48,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस टीम को मिला नकद पुरस्कार
इस बड़ी सफलता के पीछे उपनिरीक्षक (प्रभारी मोबाइल ऐप सेल मीनू गौतम, कॉन्स्टेबल किशन सिंह कुंवर और कॉन्स्टेबल रामचंद्र प्रजापति की मुख्य भूमिका रही। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी सिटी हल्द्वानी श्री मनोज कत्याल के मार्गदर्शन में टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। सराहनीय कार्य के लिए SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 1,500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।