नैनीताल: एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का ‘ऑपरेशन प्रहार’: नैनीताल में अपराधियों का हो रहा ‘गेम ओवर’

नैनीताल: जनपद में कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने और अपराधियों की कमर तोड़ने के लिए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस की कार्यवाही

जिसमें पिछले चार दिनों (3 से 7 अप्रैल) के भीतर पुलिस ने शातिर अपराधियों, नशेड़ियों और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ जबरदस्त स्ट्राइक की है। इस पूरे अभियान की कमान नोडल अधिकारी/एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल संभाल रहे हैं। अभियान के दौरान पुलिस ने सबसे बड़ी सफलता वांछित अपराधियों की धरपकड़ में हासिल की है। पुलिस ने 06 इनामी और 01 वांछित अपराधी को दबोचने में कामयाबी पाई है। गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 02 पेशेवर अपराधियों को जिले की सीमा से बाहर (जिला बदर) कर दिया गया है।

सड़कों पर ‘स्टंटबाज़ी’ और हुड़दंगियों पर लगाम

​नैनीताल पुलिस ने सड़कों पर हुड़दंग करने वालों और रैश ड्राइविंग करने वालों को सख्त संदेश दिया है। गलत नंबर प्लेट, अवैध हूटर और शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 110 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 31 वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया, जबकि 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सत्यापन अभियान

​बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे 484 संदिग्धों की भौतिक जांच की गई। कुल 243 होटल, ढाबों और बार का औचक निरीक्षण किया गया ताकि अनैतिक गतिविधियों को रोका जा सके
पुलिस एक्ट के तहत 111 लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई।

एसएसपी की चेतावनी

​एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।