नैनीताल : प्रवेश द्वार में पर्यटकों का स्वागत करेगा राज्य पक्षी मोनाल

उत्तराखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नैनीताल हमेशा से ही सैलानियों के आकर्षण का केंद्र रहा है। प्रशासन ने समय समय पर सैलानियों को लुभाने के लिए पर्यटन की दृष्टि से शहर का विकास और सौंदर्यीकरण किया है। इसी श्रृंखला में जिला प्रशासन ने एक और कदम बढ़ाया है।

नैनीताल के प्रवेश द्वार में सैलानियों का स्वागत करेगा राज्य पक्षी मोनाल

जिला प्रशासन ने तल्लीताल बाजार के प्रवेश द्वार पर राज्य पक्षी मोनाल स्थापित किए जाने का निर्णय लिया है। इस प्रसिद्ध हिल स्टेशन में पहुंचने वाले पर्यटकों का स्वागत तल्लीताल प्रवेश द्वार पर स्थापित किया जा रहा राज्य पक्षी मोनाल करेगा। प्रवेश द्वार पर राज्य पक्षी मोनाल की तीन फीट की यह फाइवर कलाकृति का निर्माण लखनऊ में किया जा रहा है।

तल्लीताल बाजार का भी होगा सौंदर्यीकरण

जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने पहल करते हुए तल्लीताल बाजार का सौंदर्यीकरण करने का निर्णय लिया है। तल्लीताल की बाजार में चार फीट का प्रवेश द्वार बनाया जाएगा जबकि डांठ के समीप से रैमजे रोड तक टाइल्स लगाई जा चुकी हैं। एकरूपता लाने के लिए दुकानों के आगे पिलर लगाए जा रहे हैं। दुकानों के शटर पर लोक संस्कृति को जीवंत करती हुई पेंटिंग्स बनाई जाएंगी। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि राज्य पक्षी मोनाल की कलाकृति सैलानियों को लुभाने में कारगर सिद्ध होगी और ये पर्यटन की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।