नैनीताल: नैनीतालजनपद के सूर्यागांव क्षेत्र में दहशत का पर्याय बनी एक बाघिन पकड़ में आ गई है। वन विभाग की टीम ने सोमवार रात सफलतापूर्वक ट्रेंकुलाइज (बेहोश) कर लिया है।
भेजा रेस्क्यू सेंटर
मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को सूर्यागांव की रहने वाली 54 वर्षीय हंसी देवी पर वन्य जीव ने तब हमला किया था जब वह जंगल की ओर गई थीं। उनका शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश था, जिसके चलते विभाग ने युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया हुआ था। वहीं तीन दिनों से जंगल में कांबिंग कर रही टीम को सोमवार रात करीब 9:00 बजे जंतवाल गांव के पास हलचल दिखाई दी। यहाँ एक बाघिन पूर्व में शिकार किए गए बैल को खा रही थी। टीम प्रभारी डॉ. हिमांशु पांगती ने सटीक निशाना साधते हुए बाघिन को बेहोशी का इंजेक्शन (डार्ट) मारा। करीब 20 मिनट बाद बेहोश हुई बाघिन को सुरक्षित कब्जे में लेकर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है। पकड़ी गई बाघिन की उम्र लगभग 2.5 से 3 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, विभाग ने अभी आधिकारिक तौर पर इसे ‘आदमखोर’ घोषित नहीं किया है। मृत महिला के शरीर से मिले साक्ष्यों और बाघिन के डीएनए का मिलान होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला पर इसी बाघिन ने हमला किया था या नहीं।