नैनीताल: कैंची धाम मार्ग पर थार का ‘जानलेवा स्टंट’: बोनट पर दोस्त बिठाकर उड़ाई कानून की धज्जियां, पुलिस ने लिया यह एक्शन

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री कैंची धाम मार्ग पर हुड़दंग मचाने और थार गाड़ी के बोनट पर बैठकर जानलेवा स्टंट करना दिल्ली के पर्यटकों को भारी पड़ा है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत थार चालक के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की गई है।‌ बीते 21 मई को श्री कैंची धाम मार्ग पर दिल्ली नंबर की एक थार गाड़ी (DL4BC7795) के चालक द्वारा सरेआम कानून की धज्जियाँ उड़ाई जा रही थीं। थार चालक अपनी गाड़ी के बोनट और खिड़की पर दो दोस्तों को बैठाकर बेहद खतरनाक तरीके से गाड़ी दौड़ा रहा था। इस स्टंटबाजी से न सिर्फ गाड़ी में सवार युवकों की जान को खतरा था, बल्कि मार्ग पर चल रहे अन्य राहगीरों की जान भी जोखिम में पड़ रही थी। किसी राहगीर ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के सामने आते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को थार चालक को ढूंढकर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

की यह कार्यवाही

एसएसपी के आदेश पर तुरंत कार्रवाई करते हुए यातायात निरीक्षक महेश चंद्र ने गाड़ी का पता लगाया। पुलिस ने थार चालक राहुल (निवासी: दिल्ली) को पकड़कर मोटर व्हीकल एक्ट (MV Act) के तहत भारी-भरकम चालान काटा। पुलिस की सख्ती के आगे स्टंटबाज का सारा नशा हिरन हो गया और चालक राहुल ने भविष्य में कभी ऐसा कृत्य न करने की लिखित माफी भी मांगी।