नैनीताल: सड़ी गली अवस्था में खाई में पड़ा मिला कारोबारी का शव

यहां खाई में संदिग्ध अवस्था में युवक का शव मिला है।  मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त फरीदाबाद निवासी कारोबारी के रूप में की है । फरीदाबाद से पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने ज्योलीकोट पुलिस और एसडीआरएफ की मदद से शव को खाई से निकाला।

जानें पूरा मामला

नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग में आम पड़ाव के पास की खाई में रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई को फरीदाबाद में कारोबारी नगेंद्र चौधरी के ऊपर एक व्यक्ति ने फायरिंग कर दी थी। फायरिंग के बाद आरोपित नगेंद्र को वाहन में बैठाकर फरार हो गया था। इस मामले में मोहम्मद सिकरी थाना फरीदाबाद में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ फायरिंग करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। क्राइम ब्रांच की टीम तभी से लापता कारोबारी की तलाश में जुटी थी और उक्त वाहन को ट्रेस करती हुई टीम नैनीताल पहुंच गई।

ग्राम प्रहरी ने दी पुलिस को जानकारी


रविवार शाम को नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे स्थित आम पड़ाव के पास ग्राम प्रहरी ने एक व्यक्ति का शव देखा। ग्राम प्रहरी और स्थानीय लोगों ने ज्योलीकोट पुलिस को इसकी सूचना दी। इस पर ज्योलीकोट पुलिस फरीदाबाद से आई टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने गहरी खाई से सड़ी गली अवस्था में शव को बरामद किया। टीम ने शव की शिनाख्त फरीदाबाद निवासी नगेंद्र चौधरी के रूप में की। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर शव को गहरी खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम की कार्यवाही के लिए भेज दिया गया ।