रामनगर (नैनीताल): एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशानुसार, नैनीताल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर स्थित एक प्रमुख रिजॉर्ट में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है।
पुलिस की कार्यवाही
इस छापेमारी में 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया है। कार्रवाई के दौरान 10 महिलाओं (एक नाबालिग सहित) को मुक्त कराया गया है और रिजॉर्ट को सील कर दिया गया है।मुखबिर की सूचना पर दिनांक 4 जुलाई 2026 को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी (SOG) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रिजॉर्ट पर छापा मारा। मौके पर देह व्यापार, अश्लील नृत्य, नशे की पार्टी और भारी हंगामा होते हुए पाया गया। मुख्य आरोपी उमेन्द्र कुमार (निवासी मेरठ) ने पूछताछ में बताया कि वह एक कीटनाशक कंपनी का संचालक है और उसने कंपनी के लोगों के मनोरंजन के लिए यह पार्टी आयोजित की थी।
जांच में सामने आई यह बात
जांच में सामने आया कि लगभग 10 दिन पहले रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था की मांग की गई थी। इसके लिए रिजॉर्ट को 4 और 5 जुलाई के लिए करीब ₹2.20 लाख में बुक किया गया था। मैनेजर ने होटल स्टाफ को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि किसी भी आगंतुक की रजिस्टर में एंट्री न की जाए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से 3 पेटी शराब, 1 पेटी बीयर, ₹10 मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, अश्लील सामग्री, लैपटॉप, मोबाइल फोन और म्यूजिक सिस्टम जब्त किया है। कोतवाली रामनगर में आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 143, अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/5/6, पॉक्सो अधिनियम की धारा 14, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम सम्मानित
इस सफल ऑपरेशन को अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में एएचटीयू प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुँवर, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहें। एसएसपी नैनीताल ने इस प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2,500 के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।