दिल्ली कंझावला केस: जानें कौन हैं वो‌ पांच आरोपी, जिन्होंने कार से लड़की को 12 किमी तक घसीटा, हैरान कर देगी इनकी वारदात

दिल्ली में नये साल के दिन हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की जिंदगी को बिखेर दिया। कंझावला में एक लड़की को पहले कार ने टक्कर मारी और फिर उसे अपनी गाड़ी के नीचे फंसाकर दिल्ली की सड़कों पर कई किलोमीटर तक दौड़ाते रहे। जिसमें युवती की मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का खुलासा

वहीं अब मृतका अंजली की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सदमे और खून बहने से अंजलि की मौत हो गई। अंजलि के सिर, रीढ़ की हड्डी, बाएं जांघ की हड्डी में चोट है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सेक्सुअल असॉल्ट (यौन हमले) का कोई संकेत नहीं मिला है। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने पोस्टमॉर्टम किया। पोस्टमॉर्टम करने के बाद जो रिपोर्ट दी है उसमें कहा गया है कि चोट लगने और अधिक खून बहने की वजह से अंजलि ने दम तोड़ दिया।

मृतका के परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़

दरअसल जनवरी की रात को एक कार ने स्कूटी सवार लड़की को टक्कर मारी और उसके शरीर को कई किलोमीटर तक घसीटते हुए चले गए। जिससे उसकी मौत हो गई। लेकिन मृतक लड़की के परिवार को पुलिस की इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था। परिवार ने आरोप लगाया कि लड़की के साथ रेप की कोशिश की गई, जिसके बाद नशे की हालत में पांचो युवकों ने उसकी हत्या कर दी। मृतका अंजली की मां ने बताया कि मेरी दोनों किडनी खराब हैं। घर का गुजारा करने वाली सिर्फ बेटी ही थी‌। घर में कोई और कमाने वाला नहीं है‌। मैं यहां मायके में रहती हूं। ससुराल में टूटा घर है। अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद परिवार की आशंका दूर हो गई है। परिवार ने पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर संतुष्टि जाहिर की है। अंजलि के मामा ने कहा कि परिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर विश्वास है।

पांचों आरोपी पुलिस गिरफ्त में

पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार में सवार पांच लोगों पर सोमवार को गैर इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों की पहचान दीपक खन्ना (26), अमित खन्ना (25), कृष्ण (27), मिथुन (26) और मनोज मित्तल (27) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार इस मामले में मनोज मित्तल जो‌ एक भाजपा नेता हैं। साथ ही सुल्तानपुरी में इसकी राशन की दुकान है। दीपक खन्ना (26) ग्रामीण सेवा का ड्राइवर है। अमित खन्ना (25) उत्तम नगर में एसबीआई कार्ड में काम करता है। कृष्णन (27) दिल्ली के कनॉट प्लेस में नौकरी करता है। मिथुन (26) नारायणा में हेयर ड्रेसर का काम करता है। दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार (02 जनवरी) को सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

युवकों को पता था लड़की को लगी है टक्कर

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आरोपियों ने पूछताछ में अपने बयान में बताया कि अमित अपने दोस्त की गाड़ी लेकर आया था और इन सबने मिलकर प्लान किया कि न्यू ईयर का जश्न मनाया जाए। इन लोगों ने पार्टी की ओर शराब पी। फिर यह लोग मनोज मित्तल को घर छोड़ने जा रहे थे तब स्कूटी से आमने सामने टक्कर हुई। 2 से ढाई बजे के बीच टक्कर हुई। इस टक्कर के बाद स्कूटी गाड़ी के सामने थी, गाड़ी को बैक किया गया और गाड़ी निकाल ली। लड़की तभी गाड़ी में फंस गई थी। इस दौरान गाड़ी चलाने वाले को लगा भी की कुछ फंसा हुआ है। लेकिन बाकियों ने कहा कुछ नही है और गाड़ी चलाती रही। बताया गया कि मिथुन लेफ्ट साइड में बैठा था जब गाड़ी ने यूटूर्न लिया तो उसे लड़की का हाथ नज़र आया तब गाड़ी रोकी, तभी लड़की नीचे गिर गई। सबने नीचे उतर कर देखा और वहां से फरार हो गए। जिनको पुलिस वेरीफाई कर रही है।

सहेली के साथ निकली थी अंजली

इस मामले में एक बड़ी अपडेट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह बताया गया है कि पुलिस सूत्र के मुताबिक मृतका अंजली अपनी एक सहेली के साथ स्कूटी पर थी। एक्सीडेंट के दौरान दूसरी लड़की को थोड़ी चोट आई और वह घटनास्थल से अपने घर चली गई‌। लेकिन अंजली की टांगे गाड़ी के एक्सेल में फंस गई थी। पुलिस ने लड़की को ट्रेस कर लिया है, पुलिस लड़की का बयान भी दर्ज करेगी।