अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के भ्रमण पर आए नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन के बेरी ने आज बुधवार को अल्मोड़ा की सांस्कृतिक विरासत और प्रसिद्ध पटाल बाजार का दीदार किया।
चखा बाल मिठाई का स्वाद
इस दौरान उन्होंने यहाँ की पारंपरिक शैली और स्थानीय उत्पादों की जमकर सराहना की। भ्रमण के दौरान उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) के तहत चयनित कुमाऊं की विश्वप्रसिद्ध बाल मिठाई का स्वाद चखा। उन्होंने न केवल इसकी प्रशंसा की, बल्कि मिठाई और अन्य स्थानीय उत्पादों की खरीदारी भी की। उपाध्यक्ष ने कहा कि यहाँ के पारंपरिक उत्पाद अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं और इनमें स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ हैं।
व्यापारियों से जाना बाजार का हाल
ऐतिहासिक पटाल बाजार की पैदल सैर करते हुए उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दुकानदारों से आत्मीय वार्तालाप किया। उन्होंने बाजार के संरक्षण और यहाँ के व्यापारिक परिवेश की जानकारी ली। अल्मोड़ा की अनूठी वास्तुकला और खूबसूरती से अभिभूत होकर उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है।
रहे मौजूद
भ्रमण के दौरान उनके साथ परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास अभिकरण) के.एन. तिवारी सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।