पिथौरागढ़: कांग्रेस ने सरकार पर लगाया तानाशाही का आरोप, कहा लोकतंत्र की हत्या कर रही है भाजपा सरकार

कांग्रेस ने हल्द्वानी विधायक को नजरबंद करने के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा व्यापारियों की आवाज उठाने वाले विधायक को नजरबंद कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। भाजपा सरकार में ही ऐसा संभव है। प्रशासन भी सरकार के हाथों की कठपुतली बनकर जनविरोधी काम कर रहा है।
सोमवार को विधायक मयूख महर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता वड्डा बाजार में एकत्र हुए और प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला जलाया।

प्रशासन हल्द्वानी में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण कर रहा

महर ने कहा सरकार के आदेश पर प्रशासन हल्द्वानी में अतिक्रमण के नाम पर व्यापारियों का शोषण कर रहा है। उनकी तरफ से आवाज उठाने पर वहां के विधायक सुमित हृदयेश को नजरबंद कर दिया गया जो लोकतंत्र की हत्या है। जनता विधायक व सरकार को अपनी परेशानी के हल होने की उम्मीद में चुनती है। लेकिन मौजूदा सरकार लोगों की आवाज को दबाकर तानाशाही पर उतारू है। कहा भाजपा सरकार का जनविरोधी चेहरा सबके सामने आ चुका है।

कांग्रेस सरकार के विरोध में जनआंदोलन छेड़ेगी

कांग्रेस आम जनता व व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं करेगी। चेतावनी देते हुए कहा यदि ऐसा हुआ तो प्रदेश भर में कांग्रेस सरकार के विरोध में जनआंदोलन छेड़ेगी।