पिथौरागढ़ के धारचूला से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है । यहां मां ने अपनी 12 वर्ष की नाबालिग बच्ची की दो बार शादी करा दी, वो भी बच्ची से बढ़े तीगुने उम्र के व्यक्ति से । बच्ची के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ । फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है ।
जानें पूरा मामला
जानकारी के अनुसार धारचूला निवासी 12 वर्ष की नाबालिग बच्ची का उसकी ही मां और सौतेले पिता ने जून 2021 में धारचूला निवासी एक व्यक्ति से विवाह करा दिया । पति की मारपीट से तंग आकर वह कुछ समय बाद अपने घर लौट आई । और छः महीने बाद दिसंबर 2021 में बच्ची की मां ने फिर उसकी शादी तीन गुना उम्र में बढ़े व्यक्ति बेरीनाग निवासी 36 वर्षीय दीपक कुमार के साथ करा दी । वह भी बच्ची के साथ मारपीट और काफी अत्याचार करता था । बच्ची दो माह की गर्भवती बताई जा रही है ।
रीठा ठिठोली गांव से आरोपी गिरफ्तार
धारचूला से बीते दिनों बाल विकास विभाग को एक नाबालिग लड़की के गर्भवती होने की जानकारी मिली । विभाग द्वारा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई ।तहसील बेरीनाग के राजस्व क्षेत्र से पिथौरागढ़ पुलिस को एफआईआर धारा 376 भादवि व 5(ञ)(II)/6 पोक्सो अधिनियम व 9 बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम बनाम दीपक टम्टा प्राप्त हुई जिसकी विवेचना उ0नि0 रेनू महिला हैल्प लाईन प्रभारी द्वारा सम्पादित की जा रही है । दिनांक 18.06.2022 को उ0नि0 रेनू मय कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस टीम द्वारा उक्त अभियोग से सम्बन्धित अभियुक्त दीपक कुमार पुत्र गंगा राम निवासी रीठा ठिठौली, रैतोली पिथौरागढ़ उम्र 36 वर्ष को गिरफ्तार किया गया ।