पिथौरागढ़: इलाज के लिए आए दंपती से ठगी के आरोपी को झारखंड से किया गया गिरफ्तार

पिथौरागढ़ जिले से जुड़ी खबर सामने आई है। यहां अस्पताल में दिखाने के नाम पर एक लाख की ठगी के आरोपी को पुलिस ने झारखंड रांची से गिरफ्तार किया।

जानें पूरा मामला

कांटे तोली गुरना के नन्द किशोर भट्ट ने यहां कोतवाली में तहरीर देकर कहा था कि 14 अप्रैल को गुड़गाँव के मेदांता अस्पताल में अपनी पत्नी के इलाज के लिए गूगल से मेदांता अस्पताल का नम्बर सर्च किया। उस पर सम्पर्क करने पर कर्मचारी ने स्वयं को मेदांता अस्पताल का कर्मचारी बताया। कहा कि जांच के लिए रजिस्ट्रेशन को मैसेज के माध्यम से एक लिंक भेजा गया। जिसमें 10 रुपए रजिस्ट्रेशन चार्ज अदा करने को कहा गया। लिंक पर क्लिक करने पर मोबाइल पर एप डाउनलोड हुआ। कहा कि 10 रुपए का पेमेन्ट जमा करने पर उनके खाते से 1 लाख 29हजार 596रुपये निकाल लिए गए।

आरोपी को दबिश देकर रांची से किया गया गिरफ्तार

मामले में एसपी लोकेश्वर सिंह के आदेश पर अभियुक्त की गिरफ्तारी को टीम गठित की गई। उप निरीक्षक दिनेश चन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने साइबर सैल की मदद से गुलाम अंसारी पुत्र मतिउल्ला अंसारी, निवासी- ग्राम बाड़ू बरहु, थाना पिठौरिया रांची, झारखण्ड को 18 जुलाई को दबिश देकर रांची से गिरफ्तार किया गया।

टीम में शामिल रहे

पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र रावत, छत्तर सिंह, साइबर टीम के उपनिरीक्षक मनोज पाण्डेय,कांस्टेबल विपिन ओली, मनोज कुमार शामिल रहे।