पिथौरागढ़: यूकेडी ने रामपुर तिराहा व मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा राज्य आंदोलनकारी महिलाओं के साथ बलात्कार करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। बावजूद इसके सरकार चुप है। वहीं यूपी के कब्जे में प्रदेश की चल-अचल संपत्ति को सरकार वापस लाने को गंभीरता नहीं दिखा रही।
सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया
बुधवार को यूकेडी कार्यकर्ता व राज्य आंदोलनकारी केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। ऐरी ने कहा राज्य आंदोलन के दौरान आंदोलनकारियों पर यूपी पुलिस ने बर्बरता की और उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। कई पुलिस जवानों व अधिकारियों ने आंदोलनकारी महिलाओं के साथ बलात्कार किया। बावजूद इसके सभी दोषी बेखौफ घूम रहे हैं। उन्हें आज तक सजा नहीं मिल सकी है। प्रदेश सरकार इसकी जिम्मेदार है। सरकार को इन मुकदमों की पैरवी कर दोषियों को सजा दिलानी चाहिए। लेकिन इसके लिए गंभीरता नहीं दिखाई जा रही।
राज्य गठन के 22 साल बाद भी उत्तराखंड की चल व अचल संपत्ति यूपी के कब्जे में है,
कार्यकर्ताओं ने कहा राज्य गठन के 22 साल बाद भी उत्तराखंड की चल व अचल संपत्ति यूपी के कब्जे में है, जिसे वापस लाने को सरकार गंभीर नहीं है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए और इन मांगों को लेकर डीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। चेतावनी देते हुए कहा इन मामलों पर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो यूकेडी सड़कों पर उतरेगी।