अल्मोड़ा: उत्तराखण्ड शासन के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में विकसित उत्तराखंड विजन-2047 के अंतर्गत जनपद विजन-2047 एवं कार्ययोजना तैयार किए जाने के संबंध में विकास भवन सभागार, अल्मोड़ा में विस्तृत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
दिए यह निर्देश
जिला विजन-2047 का उद्देश्य अल्मोड़ा जनपद को वर्ष 2047 तक समग्र, सतत, आत्मनिर्भर एवं विकसित जनपद के रूप में स्थापित करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य एवं दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करना है। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं कार्यों के लिए स्पष्ट, मापनीय एवं समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करते हुए वर्ष 2047 तक की दीर्घकालिक विकास परिकल्पना के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनपद की भौगोलिक परिस्थितियों, स्थानीय संसाधनों, विकास की संभावनाओं, वर्तमान आवश्यकताओं एवं भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए तथ्यपरक, लक्ष्य-उन्मुख एवं क्रियान्वयन योग्य कार्ययोजना तैयार की जाए।
की समीक्षा
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रारूप में विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं एवं प्रस्तावों का विस्तृत परीक्षण एवं समीक्षा की गई। इस दौरान विभागवार प्रमुख प्रदर्शन संकेतक, निर्धारित लक्ष्य, अवसरों एवं चुनौतियों का विश्लेषण, उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों, नवाचार एवं अभिनव पहलों तथा प्रस्तावित हस्तक्षेप एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं एवं प्रस्तावों को संकलित कर जनपद विजन-2047 तैयार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय अधिकारियों को लंबित सूचनाओं को पूर्ण करने और जिन विभागों द्वारा निर्धारित प्रारूप में सूचना का अंकन नहीं किया गया है, उन्हें आवश्यक सूचनाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
रहें उपस्थित
बैठक में परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, साथ ही अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।