सितम्बर माह की सबसे चर्चित खबर नामीबिया के चीते का भारत लाया जाना था।अब विदेशी धरती से देश में लाए गए 8 चीते में से दो चीते का क्वारंटाइन खत्म हो चुका है और उन्हें बड़े बाड़े में शिफ्ट छोड़ दिया गया। इस बारे में पीएम मोदी ने एक वीडियो शेयर कर जानकारी दी। पीएम मोदी ने रविवार को कहा कि अनिवार्य क्वारंटाइन के बाद कुनो नेशनल पार्क के आवास के अनुकूलन के लिए दो चीते को बड़े बाड़े में स्थानांतरित कर दिया गया है।
पीएम मोदी ने जताई प्रसन्नता
उन्होंने इस संबंध में वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा- “बढ़िया खबर! मुझे बताया गया कि अनिवार्य क्वारंटाइन के बाद 2 चीतों को कुनो के एक बड़े बाड़े में स्थानांतरित कर दिया गया है। अन्य को भी जल्द ही स्थानांतरित कर दिया जाएगा।” इस दौरान उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सभी चीते स्वस्थ हैं। सक्रिय हैं और अच्छी तरह से तालमेल बिठा रहे हैं।
17 सितंबर 2022 को भारत आए थे चीते
बता दें कि पीएम मोदी ने 17 सितंबर को अपने जन्मदिन पर नामीबिया से लाए गए आठ चीतों को मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कुनो नेशनल पार्क में प्रवेश कराया था। क्वारंटीन के दौरान सभी चीतों की चौबीसों घंटे निगरानी कीजा रही थी। सभी आठ चीतों में रेडियो कॉलर लगाए गए हैं, जिनसे इनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। अब कुछ दिन बाद इन चीतों को आम आदमी भी देख सकेंगे।
8 चीतों में 5 मादा और 3 नर
वहीं नामीबिया से आए इन आठ चीतों में से पांच मादा और तीन नर हैं। चीता दुनिया का सबसे तेज रफ्तार से दौड़ने वाला जानवर है। ये 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। आज पूरी दुनिया में सिर्फ 7000 के करीब ही चीते बचे हैं। चीता भारत में खुले जंगल और घास के मैदान के पारिस्थितिकी तंत्र की बहाली में मदद करेगा। यह जैव विविधता के संरक्षण में मदद करेगा और जल सुरक्षा, कार्बन पृथक्करण और मिट्टी की नमी संरक्षण जैसी पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं को बढ़ाने में मदद करेगा, जिससे बड़े पैमाने पर समाज को लाभ होगा।