देश दुनिया की खबरों से हम आपको रूबरू कराते रहते हैं। एक ऐसी खबर हम आपके सामने लाए हैं। एक बार फिर एतिहासिक क्षण की साक्षी बनने जा रही है अयोध्या नगरी।
राम दरबार सहित कई देवालयों की प्राण प्रतिष्ठा का विराट आयोजन
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक राम जन्मभूमि में तीन जून से तीन दिवसीय महाआयोजन की शुरुआत हो गई है। इसका समापन 5 जून को श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिष्ठा के साथ होगा। 5 जून को अभिजीत मुहूर्त में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। पूरा अनुष्ठान सुबह 11 बजे से लेकर 11 बजकर 40 मिनट के बीच सम्पन्न किया जाएगा। इस मौके पर भगवान श्रीराम, माता सीता और अन्य देवताओं की मूर्तियों की प्रतिष्ठा का महाअनुष्ठान पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न होगा। इस दिन राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा के साथ-साथ सात अन्य मंदिरों में देवालयों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस आयोजन के चलते पूरा मंदिर परिसर दीपों और रोशनी से सजाया गया है। साथ ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
आज के कार्यक्रम
आज बुधवार को पूजा क्रम में वेदी पूजन, षोडश मात्रिका, सप्त मात्रिका, योगिनी, वास्तु, नवग्रह पूजन के साथ यज्ञकुंड में अग्नि स्थापना की जाएगी। अरणि मंथन और पंच वारुणी हवन के जरिए विधिवत देवताओं का आह्वान किया जाएगा। इस दिन मूर्तियों के संस्कार की प्रक्रिया आरंभ होगी और सभी मूर्तियों का वैदिक रीति से शुद्धिकरण और प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
होंगे मुख्य अतिथि
इस आयोजन के मुख्य यजमान श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र सपत्नीक है। मुख्य समारोह 5 जून को होगा। जिसमें राम दरबार (श्रीराम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान) की प्राण प्रतिष्ठा के साथ-साथ सात अन्य मंदिरों में देव प्रतिमाओं की स्थापना होगी। इस भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।