रुद्रप्रयाग: राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पांचवें ‘अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026’ के अगले चरण की शुरुआत मंगलवार को तिलवाड़ा स्थित जीएमवीएन से हुई।
किया रवाना
कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर देश-विदेश से आए साइकिलिस्टों को टिहरी जनपद स्थित कोटी कॉलोनी के लिए रवाना किया।
सुबह करीब साढ़े सात बजे आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियां और प्राकृतिक परिवेश माउंटेन साइकिलिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए बेहद अनुकूल हैं। इस तरह के आयोजनों से न केवल युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ती है, बल्कि प्रदेश के पर्यटन स्थलों और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलती है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने साइकिलिस्टों को सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी।
देश-विदेश से खिलाड़ी ले रहें हिस्सा
गौरतलब है कि 658 किलोमीटर लंबी इस चुनौतीपूर्ण साइकिल रेस में देश-विदेश के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। उत्तराखंड के दुर्गम और खूबसूरत पर्वतीय रास्तों से गुजरती हुई यह प्रतियोगिता राज्य को साहसिक पर्यटन के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने का काम कर रही है।
रहें मौजूद
फ्लैग-ऑफ के मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, तहसीलदार जगदीश नेगी, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के डायरेक्टर वी.एन. सिंह, जॉइंट सेक्रेटरी शैलेंद्र पाठक और प्रसन्ना राउत सहित कई अधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।