दुखद: पिथौरागढ़ में भीषण हादसा, सवारियों से भरी जीप 100 फीट नीचे नदी में गिरी, 08 की मौत, 03 घायल

उत्तराखंड से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एक दुखद हादसे में कई लोगों की मौत की सूचना है।

नदी में गिरा वाहन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह वाहन मुवानी से बोकटा की तरफ जा रहा था। तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। इस हादसे में 8 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना मंगलवार दोपहर बाद की है। हादसे के दौरान वाहन सड़क से करीब 100 फीट नीचे नदी में जा गिरा। रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना की जानकारी देते हुए एसएसपी रेखा यादव ने बताया कि वाहन मुवानी से बोकटा की तरफ जा रहा था। तभी अचानक वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया। जिसके बाद वाहन नदी में गिर गया। इस घटना में मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लोगों को गंभीर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। सभी मृतक बोकटा क्षेत्र के निवासी हैं।

सीएम ने जताया दुख

इस हादसे पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं, सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।